रामगढ़ , सितंबर 27 -- झारखंड के रामगढ़ में दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तीकरण और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) ने पहल की है।

इसके तहत निगम ने आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एएलआईएमसीओ) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। समझौते के माध्यम से पतरातू और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

समझौते के अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिप्रा रानी और मानव संसाधन विभाग के प्रमुख जियाउर रहमान उपस्थित थे। समझौते के तहत पतरातू और आसपास के क्षेत्रों में आकलन शिविर लगाया जाएगा। शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद उनकी शारीरिक जरूरतों का आकलन और चिकित्सकीय जांच की जाएगी। जांच के आधार पर पात्र लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

पीवीयूएनएल की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक आत्मनिर्भर बनाना है। सहायक उपकरण मिलने से उनकी आवाजाही आसान होने के साथ जीवन की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है। साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित