अमरोहा , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में दिवाली के पावन पर्व से ठीक पहले जल धारा से ग्रामीणों के आंगन रोशन हो उठे हैं और घर-घर जल धन पहुंच गया है। जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत विकासखंड धनौरा के गांव केसरा के 536 ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल कनेक्शन का बड़ा उपहार मिला है। जल निगम ग्रामीण के द्वारा विकास खंड धनौरा के गांव केसरा में एक भव्य जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से करीब 3,050 ग्रामीण लोग अब शुद्ध पेयजल का सीधा लाभ ले सकेंगे। अब घर-घर पानी का कनेक्शन पहुंच जाने से ग्रामीण परिवेश के लोगों को पानी की किल्लत से निजात मिलने के साथ ही दूरदराज नहीं जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीणों के बहुमूल्य समय की भारी बचत हुई है और वे अब अपने घरों पर ही सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल का उपयोग कर सकेंगे। ज्ञातव्य है कि जलापर्ण वह प्रक्रिया है जिसमें किसी भी जनपद के गांव को पूरी तरह जलाच्छादित करने के बाद जलापर्ण कार्य किया जाता है, जिसमें निगम के अधिकारी, जिलाधिकारी व जल निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित होते हैं तथा जल संतृप्त गांवों को जल निगम द्वारा रिपोर्टेड सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित