चंडीगढ़ , नवंबर 09 -- दिवाली की रात पटाखों की आतिशबाजी के बीच चंडीगढ़ शहर में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना सेक्टर-19 में हुई, जहां एक मकान की पहली मंजिल पर आग लग गई। वहीं, दूसरी घटना सेक्टर-22 में हुई, जहां खुले में रखा टेबल, टेंट और अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। दोनों घटनाओं में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

पहली घटना रविवार देर रात सेक्टर-19 में हुई। बताया जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी कपड़ों पर गिरने से मकान की पहली मंजिल पर आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने वहां रखे कपड़ों और अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना-19 की प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और दमकल विभाग को सूचित किया।

पुलिसकर्मियों ने फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। घर के अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस घटना में घर में रखा कपड़ा और अन्य सामान जल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित