कोंडागांव , नवंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला मुख्यालय में दीपावली अवकाश के बाद शासकीय कार्यालयों में कामकाज शुरू होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय और सेतु निर्माण कार्यालय में ताले लटके मिले। कार्यदिवस पर इन कार्यालयों के बंद रहने से विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
आज मिली जानकारी के अनुसार दीपावली अवकाश के बाद जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में नियमित कामकाज शुरू हो गया। आम नागरिक भी अपने लंबित कार्यों के निराकरण के लिए कार्यालयों में पहुंचने लगे। हालांकि, त्योहारी माहौल के कारण अधिकांश कार्यालयों में सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही। कृषि विभाग सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते और विभागीय कार्यों का संचालन करते नजर आए।
इसके विपरीत, जिला मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय और सेतु निर्माण कार्यालय के दरवाजे बंद मिले। कार्यदिवस होने के बावजूद दोनों कार्यालयों में ताले लटके रहने से इनके बंद होने के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी आलोक ध्रुव और कार्यपालन अभियंता आशा मंडावी से दूरभाष पर संपर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों कार्यालय किस कारण बंद थे और संबंधित कर्मचारियों की अनुपस्थिति के पीछे कोई प्रशासनिक अथवा अन्य वजह थी या नहीं। मामले में विभागीय अधिकारियों का पक्ष सामने आना शेष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित