रांची , सितंबर 19 -- झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के पास रहे तीन महत्वपूर्ण विभाग अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद संभालेंगे।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा कला, संस्कृति, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री के पास अब रहेगा । इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने 18 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की है। सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हुआ था। वहीं, पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पास रहे विभाग भी फिलहाल मुख्यमंत्री के जिम्मे हैं।

विभागों का यह आवंटन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 166(3) के तहत बनाए गए झारखंड कार्यपालिका नियमावली, 2000 के प्रावधानों के अनुसार किया गया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले की अधिसूचनाओं के माध्यम से दूसरे मंत्रियों को आवंटित विभागों का कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित