रामगढ़ , सितंबर 29 -- विश्व हृदय दिवस के अवसर पर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) झारखंड के वेस्ट बोकारो में मंगलवार को जागरूकता सत्र सह स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हृदय रोग के बढ़ते खतरे, इसके कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव के उपायों को लेकर लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान स्वास्थ्य जांच भी की गई।
कार्यक्रम में टाटा मेन हॉस्पिटल वेस्ट बोकारो के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने हृदय रोग को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि आज के समय में हृदय रोग केवल उम्रदराज लोगों तक सीमित नहीं है। बदलती जीवनशैली, खान-पान की गलत आदतें, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, धूम्रपान और तंबाकू का सेवन हृदय रोग के खतरे को बढ़ा रहे हैं। ऐसे में बीमारी का इलाज कराने से अधिक जरूरी है कि समय रहते इसके जोखिम को पहचाना जाए और बचाव के उपाय अपनाए जाएं।
डॉ. कुमार ने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और शरीर में बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। इन समस्याओं की नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियंत्रण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भोजन में अधिक नमक, तेल और वसा के इस्तेमाल से बचना चाहिए तथा हरी सब्जियों, फलों और संतुलित आहार को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने नियमित शारीरिक गतिविधि को हृदय के लिए बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार प्रतिदिन पैदल चलने या व्यायाम की आदत डालनी चाहिए। लंबे समय तक लगातार बैठे रहने की आदत से बचना चाहिए। इसके साथ ही धूम्रपान और तंबाकू का सेवन हृदय के साथ-साथ पूरे शरीर के लिए नुकसानदायक है, इसलिए इससे पूरी तरह दूरी बनानी चाहिए।
डॉ. दिनेश कुमार ने हृदयाघात के संभावित लक्षणों की जानकारी देते हुए कहा कि सीने में दबाव या दर्द, सांस फूलना, अचानक कमजोरी या अत्यधिक थकान, ठंडा पसीना, चक्कर आना तथा दर्द का हाथ, कंधे, पीठ या जबड़े तक पहुंचना गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलने से स्थिति को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए केवल खान-पान और व्यायाम ही नहीं, बल्कि मानसिक तनाव को नियंत्रित करना और पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सक की सलाह के अनुसार रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं कोलेस्ट्रॉल की निगरानी करते रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई तथा लोगों के सवालों का जवाब देकर उन्हें हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई।
मौके पर राजेश राजन, हेड, कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस, झारखंड एंड रॉ मटेरियल्स, टाटा स्टील, सिंथिया एंथनी, एरिया मैनेजर, कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस, वेस्ट बोकारो एंड झरिया डिवीजन, टाटा स्टील, राजेश कुमार शाह, सीनियर मैनेजर, एडमिनिस्ट्रेशन, टाटा मेन अस्पताल वेस्ट बोकारो, तौसीफ अख्तर, एडमिनिस्ट्रेशन असिस्टेंट, डोलन साहा, सिस्टर इंचार्ज, अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सा कर्मी तथा स्थानीय पत्रकार मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित