नयी दिल्ली , मई 23 -- सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर लगभग 48 करोड़ रुपये की हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ थाईलैंड के दो नागरिकों को हिरासत में लिया है।

एक अधिकारी ने यूनीवार्ता को बताया कि शुक्रवार को बैंकॉक से उड़ान संख्या एआई-2356 के जरिए दिल्ली पहुंचे दो थाई नागरिकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें रोका गया। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने उनके सामान से सीलबंद छह पैकेट बरामद किये। इनमें कुल 47.805 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा भरा हुआ था।

उन्होंने बताया कि एक यात्री के पास से करीब 29 किलोग्राम और दूसरे यात्री के सामान से लगभग 19 किलोग्राम नशीला पदार्थ मिला है। जब्त किये गये इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 48 करोड़ रुपये है।

सीमा शुल्क अधिकारियों ने दोनों विदेशी नागरिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि ड्रग्स की यह खेप भारत में सक्रिय किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह तक पहुंचाने के लिए लायी जा रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित