नयी दिल्ली , अप्रैल 16 -- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को दो विमानों के डैने टकराने की घटना में संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) अधिकारी और स्पाइसजेट के पायलटों को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।
हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के पार्किंग-बे नंबर 106 पर हुई इस घटना में स्पाइसजेट के टैक्सी कर रहे एक विमान का डैना अकासा के खड़े विमान के पिछले डैने से टकरा गया था।
स्पाइसजेट का बी-737-700 विमान (उड़ान संख्या एसजी-124) लेह से दिल्ली आया था। विमान लैंडिंग के बाद पार्किंग-बे में टैक्सी कर रहा था। दूसरी तरफ, अकासा एयर का बी-737 विमान (उड़ान संख्या क्यूपी 1406) हैदराबाद के लिए उड़ान भरने जा रहा था और पुश बैक के बाद एप्रन पर खड़ा था।
अकासा के विमान के बाई तरफ के पिछले डैने में स्पाइसजेट के विमान के दायें डैने का ऊपर उठा हुआ हिस्सा (विंगलेट) घुस गया।
दोनों क्षतिग्रस्त विमान सेवा से बाहर हो गये हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय मामले की जांच कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि जांच पूरी होने तक संबंधित एटीसी अधिकारी और स्पाइसजेट के पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित