नयी दिल्ली , जून 25 -- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए गुरुवार को एयर सुविधा 2.0 पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने मिलकर पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल पर यात्री संपर्क रहित तरीके से अपने स्वास्थ्य के बारे में स्व-घोषणा कर सकते हैं। इसका उद्देश्य इबोला बीमारी के प्रकोप को देखते हुए देश के प्रवेश बिंदुओं पर सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी को मजबूत करना है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन कांगो और युगांडा में इबोला/बुंडीबुग्यो वायरस के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (पीएचईआईसी) घोषित किया है। वर्तमान प्रकोप की पुष्टि बुंडीबुग्यो वायरस रोग (बीवीडी) के रूप में की गयी है। कांगो और युगांडा की सीमा से लगे देशों, जिनमें दक्षिण सूडान भी शामिल है, को संक्रमण के उच्च जोखिम वाले देशों के रूप में चिह्नित किया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के सहयोग से विकसित यह पोर्टल विदेश से आने वाले यात्रियों को आव्रजन मंजूरी से पहले अनिवार्य ऑनलाइन स्वास्थ्य स्व-घोषणा पत्र जमा करने की सुविधा देता है। इसमें उन्हें पिछले 21 दिन का यात्रा इतिहास, संपर्क इतिहास और संबंधित लक्षण के बारे में जानकारी देनी होती है।
यह पोर्टल हवाई अड्डे के स्वास्थ्य अधिकारी, आव्रजन ब्यूरो, आईडीएसपी और राज्य निगरानी अधिकारियों के साथ वास्तविक समय में डेटा साझा करने में सक्षम बनाता है। इससे जोखिम वाले यात्रियों की त्वरित पहचान और उन्हें रेफर करना संभव हो पाता है। इससे आगमन प्रक्रिया सहज और संपर्क रहित बनी रहती है। साथ ही लैंडिंग के बाद कोई भौतिक फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होती है। इस पोर्टल को एयरसुविधा. सिविलएविएशन.जीओवी.इन पर एक्सेस किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित