नयी दिल्ली , अप्रैल 12 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर किसानों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है।

डॉ. नरेश ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पश्चिम बंगाल में वहां की सरकार पर किसानों की जमीन छीनने का आरोप लगा रही है, लेकिन दिल्ली में उनकी अपनी सरकार किसानों की जमीन, मुआवजा, सर्किल रेट और अन्य मूलभूत मुद्दों पर पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें सिर्फ आश्वासन और खोखले वादे दिए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि श्रीमती गुप्ता ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किसानों से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के किसानों की कृषि भूमि के सर्किल रेट वर्ष 2008 से अब तक नहीं बढ़ाए गए, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित लैंड पूलिंग योजना को अब तक लागू नहीं किया गया, जबकि इसके लागू होने से किसानों को उनकी जमीन का बेहतर लाभ मिल सकता था। साथ ही किसानों को उनकी फसल का एमएसपी पर खरीद की गारंटी भी नहीं दी गई, जिसके कारण आज भी किसान अपनी उपज बाजार भाव से कम कीमत पर बेचने को मजबूर हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ, लेकिन 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग को भी सरकार ने नजरअंदाज कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित