नयी दिल्ली , दिसंबर 09 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली विस्फोट मामले में मंगलवार को जम्मू -कश्मीर में तीन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

एनआईए, केंद्रीय रिजर्व बल (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस के संयुक्त दल दो संदिग्धों डॉ. आदिल राथर और जसीर बिलाल वानी को अनंतनाग के एक वन क्षेत्र में लेकर गयी। यह कार्रवाई एनआईए द्वारा अनंतनाग जिले के एक वन क्षेत्र में की जा रही छापेमारी का हिस्सा है।

इन दोनों संदिग्धों को दिल्ली विस्फोट मामले और 'सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल' के साथ संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल कई तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और जानकारियां जुटाईं जा रही हैं ताकि दोनों आरोपियों के बयानों की पुष्टि की जा सके।

गौरतलब है कि पिछले महीने 10 नवंबर को लाल किले के पास हुये विस्फोट मामले की जांच के संबंध में ये छापेमारियां की जा रही हैं।

लाल किला विस्फोट मामले में एनआईए ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरू में दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए इस मामले को बाद में गृह मंत्रालय ने एनआईए को स्थानांतरित कर दिया गया था। एनआईए ने पुष्टि की है कि दिल्ली विस्फोट में डॉ. उमर नबी नामक एक आत्मघाती हमलावर द्वारा वाहन जनित तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (वीबीआईईडी) का इस्तेमाल किया गया था। वह एक हुंडई आई20 कार चला रहा था जिसे वीबीआईईडी के रूप में इस्तेमाल किया गया था, जो लाल किले के बाहर फट गई थी। इस विस्फोट में पंद्रह लोगों की मौत हो गयी थी और तीस से अधिक घायल हो गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित