नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा के पांच-दिवसीय शीतकालीन सत्र में 'दिल्ली के करदाताओं के पैसे की बर्बादी' होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी सत्र के दौरान 'नूरा कुश्ती' में लगे रहे।
दिल्ली कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि विधानसभा सत्र में कोई काम नहीं हुआ। दोनों दलों ने सिर्फ दिल्ली की जनता के पैसे की बर्बादी की। उन्होंने कहा कि सदन में जनता से जुड़े और उनके कल्याण से संबधित मुद्दों पर चर्चा की जगह पूरे समय हंगामा और विरोध प्रदर्शन हुआ।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आप की इस नूरा कुश्ती को देख दिल्ली की जनता भी समझ चुकी है कि एक दूसरे के विरुद्ध हंगामा करके दोनों दल एक दूसरे की कमियों और भ्रष्टाचार को दबाने का काम कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित