नयी दिल्ली , अगस्त 07 -- दिल्ली के पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी से सदन में हंगामे और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की बजाय जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने की अपील की।

श्री सिरसा ने दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता की आकांक्षाओं, विकास और जवाबदेही से जुड़े विषयों पर गंभीर बहस होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू होने के बाद विपक्ष पूरी तरह बौखला गया है। उनके अनुसार महिलाओं को 2,500 की आर्थिक सहायता देने वाली इस योजना को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिससे विपक्ष के पास कोई सकारात्मक राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पर तथाकथित "साइकिल घोटाले" और "स्वास्थ्य घोटाले" जैसे आरोप लगा रही है, लेकिन अब तक इनके समर्थन में कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मानसून से पहले सरकार की तैयारियों के कारण मिंटो ब्रिज जैसे जलभराव वाले क्षेत्रों में इस बार उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं से किया गया वादा निभाते हुए दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू की है, जो आर्थिक सहायता के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

श्री सिरसा ने शिक्षा क्षेत्र में सरकार के फैसलों की भी सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली में हर वर्ष लगभग 3.25 लाख छात्र-छात्राएं 12वीं उत्तीर्ण करते हैं, जबकि नियमित स्नातक पाठ्यक्रमों में केवल करीब 1.5 लाख सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए दिल्ली कैबिनेट द्वारा दिल्ली प्राइवेट यूनिवर्सिटीज़ बिल, 2026 को मंजूरी देना ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को बधाई देते हुए कहा कि नए निजी विश्वविद्यालय खुलने से उच्च शिक्षा में सीटें बढ़ेंगी, विद्यार्थियों को राजधानी में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और दिल्ली शिक्षा, अनुसंधान तथा नवाचार का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष यदि किसी मुद्दे पर तथ्य रखता है तो उसे सदन में प्रस्तुत करे, लेकिन निराधार आरोपों और दुष्प्रचार के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पारदर्शिता, जनकल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के भविष्य, बेहतर शिक्षा और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा अपने सभी वादों को पूरी ईमानदारी से पूरा करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित