भिवानी एक नवंबर (वार्ता) कांग्रेस उद्योग सैल हरियाणा के चेयरमैन अशोक बुवानीवाला ने दिल्ली में इंडिया गठबंधन की वोट चोरी रैली की सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तमाम बाधाओं के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी लोकतंत्र में जनता की मजबूत आस्था और अपनी आवाज बुलंद करने के संकल्प को दर्शाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को रोकने और सीमाओं पर पाबंदियां लगाने के बावजूद लोग रैली में पहुंचे। सरकार की इस कार्रवाई से आम लोगों को परेशानी हुई और दिल्ली-हरियाणा के व्यापारिक संबंध भी प्रभावित हुए।

श्री बुवानीवाला ने कहा कि भाजपा नेता एक तरफ रैली से व्यापारियों को होने वाले नुकसान की चिंता जता रहे थे, वहीं दूसरी ओर सरकार ने खुद त्योहारी सीजन में वाहनों की आवाजाही बाधित कर कारोबार प्रभावित किया। दिल्ली और हरियाणा का व्यापार आपस में जुड़ा है। हजारों व्यापारी, दुकानदार और परिवहन से जुड़े लोग रोजाना दोनों राज्यों के बीच आवाजाही करते हैं।

उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में कारोबार का महत्वपूर्ण समय होता है। ऐसे में सीमाओं पर प्रतिबंध लगाने से व्यापारियों और छोटे कारोबारियों की आजीविका प्रभावित होती है। सरकार को राजनीतिक गतिविधियों के बजाय व्यापारियों को निर्बाध परिवहन और बेहतर कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित