हैदराबाद , अक्टूबर 28 -- कांग्रेस की तेलंगाना इकाई की कमेटी (टीपीसीसी) ने नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित होने वाली महारैली के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष ट्रेन सेवाएं देने से इनकार करने के विरोध में बुधवार को सिकंदराबाद स्थित दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय रेल निलयम के बाहर धरना दिया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व टीपीसीसी अध्यक्ष और एमएलसी महेश कुमार गौड़, मंत्री पोन्नम प्रभाकर, राज्यसभा सांसद वेम नरेंद्र रेड्डी, खम्मम सांसद रघुराम रेड्डी, अनिल कुमार यादव, विधायक नवीन यादव और श्री गणेश सहित अन्य पार्टी नेताओं ने किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।
श्री गौड़ ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि सांसद अनिल कुमार यादव और मल्लू रवि द्वारा औपचारिक आवेदन जमा किए जाने के बावजूद रेलवे अधिकारियों ने जानबूझकर विशेष ट्रेनों के अनुरोध को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने छह दिनों की देरी के बाद अंतिम समय में सूचित किया कि ट्रेनें उपलब्ध नहीं कराई जा सकती हैं।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर दक्षिण भारतीय राज्यों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली रैली में शामिल होने से रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि जब कांग्रेस प्रतिनिधि इस मुद्दे पर रेलवे अधिकारियों से मिलने पहुंचे तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित