नयी दिल्ली , मार्च 15 -- दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने वर्ष 2025 में 235.8 करोड़ यात्री यात्राएं दर्ज कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

डीएमआरसी की यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में रविवार को यह जानकारी दी गयी। इसके अनुसार भारत में मेट्रो से रोजाना की जाने वाली लगभग 1.15 करोड़ यात्री यात्राओं में से अकेले दिल्ली मेट्रो की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक है।

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का नेटवर्क 416 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 303 स्टेशन शामिल हैं। दिल्ली मेट्रो प्रतिदिन 343 ट्रेनों के माध्यम से लगभग 4,508 फेरे लगाती है और 1.40 लाख किलोमीटर की दूरी तय करती है। इसकी समयबद्धता 99.9 प्रतिशत है, जो इसे दुनिया की सबसे भरोसेमंद प्रणालियों में से एक बनाती है।

डीएमआरसी के अनुसार उसकी यात्री संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2024 में कुल 223.5 करोड़ यात्री यात्राएं (औसत 62.39 लाख प्रतिदिन) दर्ज की गई थीं, जो 2025 में बढ़कर 235.8 करोड़ (औसत 64.60 लाख प्रतिदिन) हो गईं। इस दौरान उच्चतम एकदिवसीय यात्रा का रिकॉर्ड भी टूटा। 18 नवंबर 2024 को 78.67 लाख यात्रियों के मुकाबले 8 अगस्त 2025 को रिकॉर्ड 81.87 लाख लोगों ने मेट्रो में सफर किया। यह वृद्धि कोविड के बाद मेट्रो पर यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित