नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में श्री संजय जमुआर की नियुक्ति की गयी है।

गौरतलब है कि इस कंपनी को दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सरकार के सहयोग से स्थापित किया है, ताकि दिल्ली के बाहर भारत में और विदेशों में मेट्रो परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव के कार्यों को पूरा किया जा सके।

डीएमआईएल की ओर से रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री जमुआर को यह दायित्व इसलिए सौंपा गया है, ताकि वे मेट्रो के विकास, सुधार और उनके लिए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने में सहायता प्राप्त कर सकें। डीएमआईएल, डीएमआरसी के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ उठाएगी।

विज्ञप्ति के अनुसार डीएमआरसी ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भारत के कई शहरों को अपनी स्वयं की मेट्रो प्रणालियां बनाने में मदद की है।

श्री जमुआर भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के एक पूर्व अधिकारी हैं, जिन्हें भारतीय रेलवे, डीएमआरसी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, पश्चिम मध्य पूर्व और यूरोप में काम करने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने ब्रिटेन के वारविक बिजनेस स्कूल से 'स्ट्रेटेजिक लीडरशिप' में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है, और लीड्स विश्वविद्यालय में 'परिवहन अर्थशास्त्र' पर शोध कार्य किया है। श्री जमुआर ने जब1998 में डीएमआरसी में कार्यभार संभाला था, तब वे ओ एंड एम विभाग के पहले कर्मचारी थे। इसलिए, डीएमआरसी में वापसी उनके लिए 'घर वापसी' जैसी है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि डीएमआरसी पहले से ही बंगलादेश में ढाका मेट्रो परियोजना में एक सलाहकार के रूप में शामिल है। यह चेन्नई, मुंबई और पटना मेट्रो परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण ओ एंड एम अनुबंधों का प्रबंधन भी कर रही है, और भारत की लगभग सभी प्रमुख मेट्रो परियोजनाओं में सलाहकार की भूमिका निभा चुकी है।

डीएमारसी ने मुंबई, जयपुर और पटना में मेट्रो परियोजनाओं के लिए निर्माण कार्य भी किया है। इसलिए, अब डीएमआईएल से यह अपेक्षा की जाती है कि वह दुनिया भर में डीएमारसी के विस्तार को और आगे बढ़ाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित