नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय दिल्ली सरकार के सहयोग से 28 अक्टूबर को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित वाहन निरीक्षण केंद्र में ट्रांसपोर्ट मेले का आयोजन करेगा।

मेले में पुराने ट्रक और बसों के मालिकों को अपने वाहन कबाड़ कराने, नए वाहन खरीदने के लिए ऋण लेने और कम प्रदूषण फैलाने वाले नए वाहन अपनाने के लिए उपलब्ध सुविधाओं और प्रोत्साहनों की जानकारी दी जाएगी। इसमें वाहन निर्माता कंपनियों और उनके डीलरों, पंजीकृत वाहन कबाड़ केंद्रों, बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों, तेल विपणन कंपनियों तथा सिटी गैस वितरण कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। वे वाहन मालिकों को कबाड़ कराने की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, नए वाहन खरीदने, ईंधन संबंधी लाभ और अन्य प्रोत्साहनों की जानकारी देंगे।

परिवर्तन योजना के तहत दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पुराने ट्रकों और बसों की जगह स्वच्छ वाहन लाने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना में वाहन निर्माताओं की छूट पर न्यूनतम आठ प्रतिशत छूट, वाहन ऋण पर पांच प्रतिशत ब्याज सहायता, 10 वर्ष के लिए 100 प्रतिशत सड़क कर छूट, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एकमुश्त लाभ, मासिक ईंधन वाउचर और पंजीकरण शुल्क में छूट जैसे प्रोत्साहन शामिल हैं।

मंत्रालय के अनुसार, अब तक परिवर्तन पोर्टल पर करीब 40,000 लाभार्थी पंजीकरण करा चुके हैं। मेला 28 अक्टूबर को सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित