नयी दिल्ली , सितंबर 12 -- दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक होटल के कमरे में एक एयरलाइन कैप्टन अचेत अवस्था में पाये गये। बाद में पुलिस टीम के अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वसंत कुंज उत्तर थाने में शुक्रवार को एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें वसंत कुंज के एक आलीशान होटल में ठहरे मेहमान की तबीयत खराब होने की सूचना दी गयी थी। इसके तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में अपराध निरीक्षण टीम होटल के कमरे में पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

जांच में पता चला कि मृतक एक एयरलाइन में कैप्टन के पद पर कार्यरत थे और गुरुवार को होटल में चेक-इन किया था। शुक्रवार को उनके भाई ने होटल मैनेजर से संपर्क कर बताया कि वह उनके फोन का कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। इसके बाद होटल मैनेजर कमरे की ओर गये, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला।

कोई जवाब न मिलने पर कर्मचारियों ने होटल की इमरजेंसी मास्टर की (चाबी) की मदद से कमरा खोला तो देखा कि वे बेहोश पड़े थे।

सफदरजंग अस्पताल में शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित