नयी दिल्ली , मार्च 29 -- मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी नयी दिल्ली में हल्की बारिश, बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार रात से ही शहर में हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, पटेल नगर और बुद्धा जयंती पार्क जैसे इलाकों में रविवार शाम के बाद हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

वहीं सोमवार को भी शाम से रात तक बूंदाबांदी जारी रहने और 20-30 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम में इस बदलाव के चलते अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित