नयी दिल्ली , जुलाई 01 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सीमा पार से सोने की तस्करी के खिलाफ निरंतर अभियान के तहत दिल्ली स्थित एक और स्वर्ण तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस अभियान में एजेंसी ने विदेशों से तस्करी कर लाया गया लगभग नौ किलोग्राम सोना, 42 किलोग्राम चांदी, 8.15 करोड़ मूल्य की विदेशी मुद्रा तथा 26.67 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। यह गिरोह उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के रास्ते तस्करी के सोने को माल पहुंचाने वाले अलग-अलग व्यक्तियों के माध्यम से दिल्ली पहुंचाता था। ये व्यक्ति ट्रेन से यात्रा करते थे।
यह गिरोह दिल्ली के एक घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में सोना गलाने की एक अवैध इकाई भी चलाता था। वित्त मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार डीआरआई के अधिकारियों की एक टीम ने 26 जून को एक सुनियोजित अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के न्यू कूचबिहार रेलवे स्टेशन तथा बिहार के मानसी जंक्शन पर दो वाहकों को गिरफ्तार किया। उनके कपड़ाें में छिपाकर रखे गए लगभग दो किलोग्राम सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। इसी दौरान दिल्ली में भी दो अन्य व्यक्तियों को लगभग 1.2 किलोग्राम तस्करी के सोने के साथ गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप दिल्ली में संचालित एक अवैध सोना गलाने की इकाई का पता चला। इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसी दिन एक अन्य अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने सैरांग से कोलकाता जा रही एक महिला यात्री को ट्रेन में पकड़ा। उसके पास से विदेशी भाषा की मार्किंग वाले 20 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट, जिनका कुल वजन लगभग 3.3 किलोग्राम था, बरामद किए गए। यह सोना विशेष रूप से तैयार की गई कमर बेल्ट में छिपाकर रखा गया था। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी बीच चेन्नई में डीआरआई ने घरेलू एयर कार्गो पार्सलों के माध्यम से विदेशी मुद्रा की अवैध ढुलाई तथा उस धन का उपयोग भारत में सोने और चांदी की संगठित तस्करी के वित्तपोषण के लिए किए जाने वाले एक बड़े गिरोह का भी भंडाफोड़ किया। चेन्नई एयर कार्गो में की गई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 7,58,500 अमेरिकी डॉलर तथा 35,00,000 थाई बाह्ट की विदेशी मुद्रा बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8.15 करोड़ रुपये है। विदेशी मुद्रा की अवैध ढुलाई और उसकी डिलीवरी में शामिल तीन व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित