नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि राजधानी में सफाई व्यवस्था एवं कचरे का उचित प्रबंधन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस महानगर को स्वच्छ, हराभरा और स्वस्थ बनाने के लिए दिल्ली सरकार नगर निगम को आधुनिक मशीनरी, उपकरणों समेत आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने आज दिल्ली के सरिता विहार के एम ब्लॉक में फिक्स्ड कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राजधानी के सभी 250 वार्डों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बिखरे कूड़े की सफाई के लिए 1,000 मैकेनिकल लिटर पिकर्स की तैनाती की पहल शुरू की गयी। इसके पहले चरण में 50 मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके अलावा घर-घर से कूड़ा संग्रहण और परिवहन के लिए नये वाहनों की शुरुआत की गयी तथा उनके संचालन के लिए 35 महिला ड्राइवरों को जिम्मेदारी सौंपी गयी।
उन्होंने कहा कि सरकार अगले 15 से 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर दीर्घकालिक योजना पर काम कर रही है, ताकि भविष्य में दिल्लीवासियों को कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले लगभग 15,000 टन कचरे में से केवल 6,000 से 7,000 टन का ही प्रसंस्करण हो पाता था, जिससे कचरे के पहाड़ बढ़ते गयेए। इस स्थिति में बदलाव के लिए नये वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाने, मौजूदा संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने, ई-कचरा केंद्र स्थापित रने और गोबर के प्रबंधन के लिए बायोगैस प्लांट लगाने पर काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे का उसी दिन प्रसंस्करण और निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। इसके लिए सफाई मशीनरी बढ़ाने के साथ बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों की उपलब्धता को भी मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 428 ऑटो टिपर, 128 ई-रिक्शा, घर-घर कूड़ा संग्रहण के लिए 25 टाटा 407 वाहन, 27 रिफ्यूज कॉम्पैक्टर, पांच अतिरिक्त रिफ्यूज कॉम्पैक्टर और 30 हुक लोडर उपलब्ध कराने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 100 कॉम्पैक्टर बिन, 1,500 स्टील कूड़ेदान, 300 एचडीपीई कूड़ेदान और बागवानी कचरे के परिवहन के लिए 10 टिपर ट्रक उपलब्ध कराये गयेए हैं।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा और निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित