लखनऊ , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम दिल्ली दौरे पर जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार वह शाम करीब 4.30 बजे दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश सदन पहुंचेंगे।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की शाम करीब 5.00 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हो सकती है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी उनकी भेंट होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन संभावित बैठकों के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मुख्यमंत्री के इस अचानक दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में विभिन्न तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

माना जा रहा है कि बैठकों में संगठन और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, मुलाकातों के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजरें टिकी हुई हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रस्तावित मुलाकातें होती हैं तो उनके बाद ही बैठक के विषयों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित