नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि दिल्ली के बंग भवन में सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगी है और न ही कोई प्रतिबंध हटाया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि सुश्री बनर्जी को 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी पहले ही दे दी थी।स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार, दिल्ली में प्रवास के दौरान सुश्री बनर्जी के सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की है। दिल्ली पुलिस ने चाणक्यपुरी एवं हेली रोड पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था किए हैं , जहां बंग भवन स्थित है।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कंपनियों को भी तैनात किया गया, जो नियमित रूप से इस तरह के सुरक्षा कार्यों में दिल्ली पुलिस की सहायता करती हैं।
पुलिस ने कहा कि सोमवार को बंगा भवन में कोई भी कर्मी दाखिल नहीं हुआ और वहां रहने वाले निवासियों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं था।
पुलिस सूत्रों ने बताया, "सूचना मिली थी कि एक राजनीतिक दल के लगभग 150-200 समर्थक पश्चिम बंगाल से आए हैं और दक्षिण दिल्ली, नयी दिल्ली एवं मध्य दिल्ली के विभिन्न गेस्ट हाउसों और होटलों में ठहरे हुए हैं। वरिष्ठ नेताओं और वीवीआईपी के इन स्थानों पर संभावित दौरे के मद्देनजर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।"वर्तमान में संसद का बजट सत्र जारी रहने के मद्देनजर, दिल्ली पुलिस ने कहा कि मानक प्रक्रिया के अंतर्गत होटलों एवं गेस्ट हाउसों में नियमित जांच सहित पूरे राजधानी में सुरक्षा के कड़े उपाय किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित