नयी दिल्ली , जुलाई 23 -- सितंबर में तीन मैचों की टी 20 सीरीज़ के लिए अफग़ानिस्तान, दिल्ली में भारत की मेज़बानी करेगा। यह पहली बार होगा कि जब अफ़ग़ानिस्तान किसी द्विपक्षीय सीरीज़ में भारत की भारत में ही मेज़बानी करेगा। यह सीरीज़ अफ़ग़ानिस्तान के भविष्य दौरा कार्यक्रम का हिस्सा है।
क्रिकइंफो को पता चला है कि ये तीनों मैच दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। यह पहली बार होगा कि जब दिल्ली में भारतीय टीम के तीन लगातार अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता में भारत के तीन या तीन से अधिक लगातार अंतरराष्ट्रीय मैच एक ही मैदान पर आयोजित किए गए हैं। लेकिन वह कोविड का समय था और तब भारत ने इन मैदानों पर क्रमशः इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ की सीमित ओवर (टी 20 और वनडे दोनों) सीरीज़ की मेज़बानी की थी।
कई मायनों में यह एक ऐतिहासिक सीरीज़ होगी क्योंकि इससे पहले अफ़ग़ानिस्तान के घरेलू मुक़ाबले भारत के लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन ये सभी मुक़ाबले भारत नहीं अन्य टीमों के ख़िलाफ़ होते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित