नयी दिल्ली , मई 26 -- दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को कहा कि राजधानी की बिजली व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि भीषण गर्मी के दौरान दिल्लीवासियों को पावर कट की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्री सूद ने आज कहा कि पिछले वर्ष गर्मियों में बिजली व्यवस्था में आई अव्यवस्था के कारण लोगों को कटौती झेलनी पड़ी थी, लेकिन उसके बाद से सरकार ने बिजली ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक पावर मास्टर प्लान तैयार किया है। इसी का परिणाम है कि पिछले वर्ष 12 जून को दर्ज की गई 8,441 मेगावाट की अधिकतम बिजली मांग को इस वर्ष मई महीने में ही सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के बावजूद इस बार बड़े स्तर पर बिजली कटौती की समस्या सामने नहीं आई है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि दिल्ली की बिजली व्यवस्था में अभी भी सुधार की काफी संभावनाएं हैं और अगले दो वर्षों में इसे और अधिक मजबूत तथा भविष्य की मांग के अनुरूप बनाया जाएगा। उनका दावा है कि इन प्रयासों के बाद राजधानी में पावर कट की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि 25 मई को दिल्ली में बिजली की खपत 16.8 करोड़ यूनिट दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन यह 11 करोड़ यूनिट थी। इस वर्ष 25 मई को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था। सरकार के प्रयासों के चलते इस वर्ष दिल्ली के किसी भी इलाके में दो घंटे से अधिक समय तक बिजली कटौती की घटना सामने नहीं आई, जबकि पिछले वर्ष ऐसे 147 मामले दर्ज किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित