जालंधर , अक्टूबर 13 -- 'फासीवादी हमलों विरोधी मोर्चा' ने नयी दिल्ली में 10 और 11 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कार्रवाई के विरोध में 15 से 18 अक्टूबर तक पंजाब के विभिन्न जिला केंद्रों पर रैलियां और प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

मोर्चे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी तथा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने की भी मांग की है।

मोर्चे के प्रदेश स्तरीय नेताओं रतन सिंह रंधावा, परगट सिंह जामाराए, दर्शन खटकड़, कुलविंदर सिंह वड़ैच, राजबिंदर राणा और गुलजार सिंह भुंबली ने मंगलवार को संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि दिल्ली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, पत्रकारों और लोकतांत्रिक कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों ने दुर्व्यवहार और मारपीट की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े तत्वों पर भी प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसा करने के आरोप लगाए।

नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए करोड़ों लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर संवैधानिक दायित्वों के बजाय आरएसएस के कथित एजेंडे के तहत काम करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा देने की मांग की।

मोर्चे ने एसआईआर की प्रक्रिया तत्काल रोकने, इसके तहत हटाए गए सभी मतदाताओं के नाम बहाल करने, एसआईआर के बाद हुए चुनावों के आधार पर गठित सरकारों को भंग कर नए चुनाव कराने और भविष्य में ईवीएम के बजाय मतपत्रों से मतदान कराने की मांग भी की। नेताओं ने लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के खिलाफ देशभर में दर्ज मामलों को रद्द करने की मांग की।

मोर्चे के अनुसार, प्रदर्शन 15 अक्टूबर को जालंधर, अमृतसर, कपूरथला और फरीदकोट, 16 अक्टूबर को मोगा, संगरूर, पटियाला और श्री मुक्तसर साहिब, 17 अक्टूबर को फाजिल्का, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), गुरदासपुर और लुधियाना, तथा 18 अक्टूबर को बरनाला, बठिंडा, मानसा, रूपनगर, तरनतारन, होशियारपुर और मोहाली में किए जाएंगे।

मोर्चे ने न्यायप्रिय संगठनों, जनपक्षीय समूहों और जागरूक नागरिकों से इन प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित