नयी दिल्ली , जून 15 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर को धूल भरी आंधी चलने से आसमान में अंधेरा छा गया। इसके बाद मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर 'रेड अलर्ट' जारी किया है।

मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बिजली चमकने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक की दर से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग की ओर से दोपहर 3:30 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, पालम मौसम केंद्र पर दोपहर 2:30 बजे हवा की गति 93 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जो शहर में सबसे अधिक है।

मौसम अधिकारियों ने बताया कि पालम में यह तेज आंधी करीब दो मिनट तक चली और इसके बाद हल्की बारिश हुयी। इस केंद्र पर दोपहर 2:30 बजे तक 2.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

तेज आंधी के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में धूल की मोटी परत छा गई, जिससे दृश्यता काफी कम हो गयी। दोपहर के दौरान पालम के अलावा पूसा में 78 किलोमीटर प्रति घंटा और आयानगर में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित