नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- दिल्ली सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए राजधानी में तीन स्थानों पर छापेमारी कर 948.9 लीटर घी जब्त किया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि नमूनों की जांच में तेजी आये और अनियमितता पाये जाने पर समयबद्ध कार्रवाई हो सके। विभाग में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाये जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों से भी स्टाफ उपलब्ध कराया जायेगा, जिससे राजधानी के अधिक से अधिक इलाकों में नियमित निगरानी और छापेमारी की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावट के खिलाफ अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। उन्होंने विभाग को निर्देश दिये कि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाये और मिलावट के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जायें, चाहे वे ब्रांडेड कंपनियां ही क्यों न हों। सरकार जल्द ही इस संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान भी शुरू करेगी, ताकि लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता या एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री से संबंधित शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-11-3921 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता केवल नियमों के पालन का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और विश्वास से जुड़ा मामला है। सरकार का लक्ष्य आधुनिक जांच सुविधाओं, पर्याप्त मानव संसाधन और प्रभावी निगरानी के जरिए मिलावट पर अंकुश लगाना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस किया जायेगा और कर्मचारियों की संख्या बढ़ायी जायेगी, ताकि जांच और कार्रवाई में तेजी लायी जा सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने बुधवार को भोगल और नजफगढ़ मार्केट में घी के कुल 15 नमूने एकत्र किये। इस दौरान भोगल मार्केट से 389.9 लीटर और नजफगढ़ मार्केट से 338 लीटर घी जब्त किया गया। वहीं, शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 221 लीटर घी जब्त किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित