नयी दिल्ली , जुलाई 09 -- राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बारिश के बाद विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जगह-जगह जलभराव भाजपा के दावों की पोल खोल रहा है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को आरोप लगाया कि राजधानी में जगह-जगह जलभराव भाजपा सरकार के दावों की पोल खोल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बनी सड़कों पर भी पानी भर गया है और इस बार एशिया के सबसे बड़े थोक बाजार सदर बाजार में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
उन्होंने सोशल मीडिया पर जलभराव के वीडियो साझा करते हुए कहा कि हाल ही में बनी सड़कों पर सरकारी धन खर्च किया गया लेकिन पहली ही बारिश में सड़कें पानी में डूब गईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "दिल्ली में सब जगह भाजपा सरकार का विकास बह रहा है।"कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में नालों की जिम्मेदारी संभालने वाली चारों प्रमुख एजेंसियां लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम (एमसीडी), बाढ़ एवं सिंचाई विभाग तथा दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) भाजपा सरकार के अधीन हैं। ऐसे में सरकार अब जलभराव के लिए किसी अन्य एजेंसी को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि नालों की सफाई और गाद निकालने के कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और निष्पक्ष जांच होने पर करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा हो सकता है।
वहीं, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि महज दो दिन की बारिश ने भाजपा की "चार इंजन सरकार" के दावों की वास्तविकता सामने ला दी है। उन्होंने दावा किया कि लक्ष्मी नगर, विनोद नगर समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं, जिससे आम नागरिकों, दुकानदारों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर जलभराव की समस्या का समाधान करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित