लखनऊ , जुलाई 24 -- दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार शाम लखनऊ में कैंडल मार्च निकालेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह कैंडल मार्च शुक्रवार शाम 6 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा तक जाएगा। कांग्रेस ने कहा है कि यह मार्च दिल्ली में आंदोलनरत छात्रों के मुद्दों के समर्थन और उन पर हुए कथित बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे देश के भविष्य, हमारे छात्र और युवाओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में तो नाकाम रही ही है, अब उनके हक़ की आवाज़ को लाठियों के दम पर दबाना चाहती है। युवा विरोधी सरकार की इस तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है। न्याय दिलाकर रहेगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित