हैदराबाद , जुलाई 24 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने नीट पेपर लीक और पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ एकजुटता जतायी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।

हैदराबाद के इंदिरा पार्क में बीआरएस छात्र इकाई की तरफ से शुक्रवार को आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्री रामाराव ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाओं में हो रही धांधली, बेरोजगारी और अधूरे वादों को लेकर देशभर का युवा गुस्से में है। उन्होंने आरोप लगाया कि न्याय मांगने वाले छात्रों को राष्ट्रविरोधी करार दिया जा रहा है और उन पर पुलिस की ज्यादतियां की जा रही हैं।

श्री रामाराव ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने, पुलिस की कार्रवाई के लिए माफी मांगने और पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह बल प्रयोग करने के बजाय छात्रों से बातचीत करे। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि यह आंदोलन छात्रों की चिंताओं से प्रेरित है, न कि राजनीतिक हितों से।

तेलंगाना सरकार पर निशाना साधते हुए श्री रामाराव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी केंद्र का सामना करने से बच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बीआरएस जब भी छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाती है, तो राज्य सरकार उसमें अड़ंगा क्यों डालती है?श्री रामराव ने कहा कि पार्टी न्याय की इस लड़ाई में छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से आंदोलन को स्वतंत्र रखने और अपनी मांगों पर केंद्रित रहने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित