नैनीताल , मई 15 -- उत्तराखंड की रामनगर पुलिस ने दिल्ली में चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे एक वांछित बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साथ ही उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 13 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल पुलिस की ओर से जनपद भर में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शिवनाथपुर पुरानी बस्ती मालधनचौड़ क्षेत्र में पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया। पूछताछ में उसने पहले अपना नाम शाबाज उर्फ सोनू पुत्र फुरकान निवासी पहाड़गंज, दिल्ली बताया, लेकिन बाद में खुद को नजीमाबाद, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया।

संदेह होने पर पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली रामनगर ले गई। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र में ड्राई क्लीनिंग की दुकान चलाता है और कुछ दिन पहले दिल्ली के सफदरजंग इलाके में चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए रामनगर में छिपा हुआ था।

रामनगर पुलिस द्वारा थाना सफदरजंग दिल्ली से संपर्क करने पर पता चला कि आरोपी शाबाज उर्फ सोनू के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट और चैन स्नैचिंग के 13 मुकदमे दर्ज हैं। थाना सफदरजंग में दर्ज मुकदमा में भी वह वांछित है।

दिल्ली पुलिस रामनगर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को अपने साथ दिल्ली ले गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित