नयी दिल्ली , मई 23 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राजधानी में बढ़ते जल संकट को लेकर रेखा गुप्ता सरकार और दिल्ली जल बोर्ड पर हमला बोला है।

श्री यादव ने कहा कि भीषण गर्मी और रिकॉर्ड तोड़ तापमान के बीच दिल्ली की अधिकांश कॉलोनियों में लोग पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे महंगाई के दौर में गरीब और मध्यम वर्ग का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिणपुरी, सीमापुरी, दिलशाद गार्डन और जीटीबी एन्क्लेव सहित कई इलाकों में पिछले कई हफ्तों से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। उन्होंने कहा कि जेजे क्लस्टर, पुनर्वास कॉलोनियों, झुग्गी बस्तियों और बहुमंजिला फ्लैटों में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। कई जगहों पर लोग टैंकरों और सार्वजनिक नलों से पानी भरकर ऊपरी मंजिलों तक ले जाने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने, दिल्ली को टैंकर मुक्त बनाने और जल माफियाओं पर रोक लगाने जैसे बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार इन वादों को लागू करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा शासित हरियाणा और दिल्ली के बावजूद पानी संकट के लिए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालना सरकार की नाकामी को उजागर करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित