नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- राष्ट्रीय राजधानी के कालकाजी मंदिर इलाके के पास तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम वह अपने 17 वर्षीय पुरुष मित्र के साथ दर्शन के लिए कालकाजी मंदिर गई थी, जिसके बाद वे गेट नंबर 7 से आस्था कुंज पार्क में टहलने चले गए। रात करीब 7:30 बजे तीन अज्ञात लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका और पूछताछ के बहाने किशोरी को उसके मित्र से अलग कर एक सुनसान इलाके में ले गए। आरोपी आसिफ ने बंदूक और चाकू की नोक पर पीड़िता को डराया और उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद अन्य दो आरोपियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी पीड़िता और उसके दोस्त को धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित