नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 (जीके-1) में कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार को एक कार की चपेट में आने से 71 वर्षीय महिला की मौत हो गयी और उनके पति घायल हो गये।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन ही जीके-1 पुलिस स्टेशन को सड़क हादसे के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। दुर्घटना में बुजुर्ग दंपती गंभीर रूप से घायल हो गये थे, जिन्हें तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शशि को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके 65 वर्षीय पति कुलभूषण का इलाज चल रहा है। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए फिट घोषित कर दिया।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि आरोपी चालक ने बुजुर्ग दंपती को टक्कर मारने से पहले एक थार, एक ऑटो रिक्शा और एक साइकिल रिक्शा सहित कई अन्य वाहनों में भी टक्कर मारी थी।
आरोपी की पहचान 59 वर्षीय तपन अहीर के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर है और उसके पास लगभग तीन दशकों का ड्राइविंग अनुभव है। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने भाई को कैलाश कॉलोनी मार्केट से लेने जा रहा था। उसके खिलाफ संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और नशे में वाहन चलाने की जांच के लिए उसके रक्त का नमूना फोरेंसिक विश्लेषण के लिए भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित