नई दिल्ली , अप्रैल 24 -- युवा कांग्रेस की ओर से राजधानी दिल्ली में एक मई से "बेहतर दिल्ली" अभियान शुरू किया जायेगा।

इस अभियान के तहत शहरी समस्याओं को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा, लोगों के सुझाव लिये जायेंगे और विरोध प्रदर्शन भी आयोजित किया जायेगा। शुक्रवार को कांग्रेस ने इस कार्यक्रम का पोस्टर जारी किया।

कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि युवा कांग्रेस ने शहरों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यापक कार्यक्रम तैयार किया है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 40 प्रतिशत आबादी शहरी क्षेत्रों में रहती है, इसलिए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए यह पहल की जा रही है। दिल्ली से इसकी शुरुआत होगी और आगे अन्य शहरों में भी इसे विस्तार दिया जाएगा।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि गीग वर्कर्स समेत शहरी नागरिकों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है और आगे भी करेगा। उन्होंने बताया कि "बेहतर दिल्ली" अभियान के तहत प्रदूषण, पानी की कमी, लैंडफिल साइट, जलभराव, डेंगू-चिकनगुनिया, कूड़ा प्रबंधन, यमुना प्रदूषण, भ्रष्टाचार और ट्रैफिक जाम जैसे मुद्दों पर आंदोलन चलाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों से सुझाव भी लिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित