नयी दिल्ली , अक्टूबर 30 -- दिल्ली में भारी बारिश के कारण शुक्रवार को तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है।
राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई जिसमें सफदरजंग में 61.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी। आज सुबह के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के प्रमुख मौसम केंद्रों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गयी।
तेज़ बारिश के कारण राजधानी में असामान्य रूप से ठंड बढ़ गयी है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछले 24 घंटों की तुलना में दो डिग्री कम है।
पूरे दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा; अधिकांश मौसम केंद्रों पर यह औसत से लगभग 10 डिग्री या उससे भी कम दर्ज किया गया। ज़्यादातर जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश हुई जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गयी।
पिछले 24 घंटों के दौरान, मौसम केंद्रों में लोदी रोड पर सबसे ज़्यादा 63.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी। इसके बाद सफदरजंग में 61.4 मिमी, अयानगर में 55.4 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय इलाके में 53.2 मिमी और रिज में 50.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। हालांकि नजफगढ़ के केवीके परिसर में सबसे ज़्यादा, 89 मिमी बारिश दर्ज की गयी। कई जगहों पर आज बारिश होती रही; राजघाट में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 11.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी जबकि सफदरजंग में 4.2 मिमी बारिश हुई।
बारिश का असर पूरे एनसीआर के तापमान पर भी पड़ा। पालम में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 3.7 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड और रिज में अधिकतम तापमान क्रमशः 20.6 और 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नोएडा में तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि गुड़गांव और गाजियाबाद में क्रमशः 20.5 और 21 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने मौजूदा मौसम की स्थिति का कारण सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को बताया है जो वर्तमान में उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है, साथ ही इससे संबंधित वायुमंडलीय प्रणालियां उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में फैली हुई हैं।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे तीनसे पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान जताया है। शनिवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकती है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है और बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं लगाया गया है।
एक नवंबर को तापमान बढ़कर 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और दो से पांच नवंबर के बीच यह 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान के मुख्य रूप से 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दो नवंबर से राजधानी में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है जो इस बात का संकेत है कि मौसम धीरे-धीरे नवंबर की शुरुआत वाले सामान्य हालात की ओर लौट रहा है।
मौसम विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा करने से पहले यातायात की स्थिति देख लें और ऐसे रास्तों या निचले इलाकों से बचें जहां पानी भरने की संभावना हो। बारिश और पानी जमा होने के कारण यातायात में रुकावट आ सकती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित