नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि आयोग कांग्रेस की ओर से उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर गोलमोल जवाब दे रहा है, जिससे उसकी मंशा पर संदेह उत्पन्न होता है।
श्री यादव ने बताया कि कांग्रेस ने 31 मार्च 2026 को एसआईआर से जुड़े विभिन्न सवालों के साथ आयोग को पत्र लिखा था, लेकिन जवाब में स्पष्टता का अभाव रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस प्रक्रिया को गंभीरता से ले रही है और खुद उन्होंने बादली विधानसभा के एक बूथ पर बीएलए-2 की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि पार्टी कार्यकर्ता भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। कांग्रेस ने बीएलए-2 की भूमिका, परिसीमन के कारण मतदाता डेटा मिलान में आ रही दिक्कतों, 2002 की मतदाता सूची की उपलब्धता और फ्रोजन फोटो मतदाता सूची की मांग जैसे मुद्दे उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि बिना स्पष्ट दिशा-निर्देश और दस्तावेजों के बूथ स्तर पर काम करना कठिन हो जाएगा।
श्री यादव ने यह भी आरोप लगाया कि आयोग इन सवालों पर स्पष्टता देने से बच रहा है, जिससे प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस ने आयोग से जल्द पारदर्शी और व्यावहारिक समाधान देने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित