रायपुर , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि आगामी एक नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ मतदाताओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस कि प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रायपुर स्थित राजीव भवन में गुरुवार शाम महिला कांग्रेस की बैठक भी आयोजित की गई थी । प्रदेश अध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठाने की बात कही।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि 31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के श्रद्धांजलि स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद एक नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में भाग लेंगी। संगठन ने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती को इस कार्यक्रम का प्रमुख मुद्दा बताया है।

राज्य के राजीव भवन में हुई बैठक के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित