नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बुधवार को भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी की 22 साल की बेटी अपने घर में मृत पाई गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतका 1997 बैच के आईआरएस अधिकारी दिनेश गुप्ता की बेटी थी। वह संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रही थी। अंदेशा है कि यह वारदात उस समय हुई, जब उसके माता-पिता शाम को टहलने के लिए बाहर गए हुए थे।

शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन का एक चार्जिंग केबल बरामद किया है। शक है कि इसी केबल से उसका गला घोंटा गया। इस घटना का पता तब चला जब पिता घर लौटे और अपनी बेटी को बेसुध पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को खबर दी गई।

इस मामले में पुलिस को राहुल मीणा नाम के 19 साल के युवक पर शक है। राहुल पिछले आठ महीनों से इस घर में घरेलू नौकर के तौर पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसे हाल ही में काम से निकाला गया था और वह घटना के बाद से ही गायब है। पुलिस का मानना है कि वह घर के आने-जाने के समय से अच्छी तरह वाकिफ था और उसे घर की अतिरिक्त चाबी के बारे में भी पता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित