अलवर , मई 27 -- दिल्ली की अमर कॉलोनी में गत 22 अप्रैल की सुबह आयकर अधिकारी की पुत्री की बेरहमी से हत्या और दुष्कर्म के मामले में दिल्ली में गिरफ्तार अलवर के राजगढ़ के रहने वाले राहुल मीणा को अलवर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के एक महीने बाद मंगलवार को राहुल को प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया। उसके बाद उसे राजगढ़ में दोस्त की पत्नी से किए दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद राहुल का मेडिकल करवाने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर राजगढ़ के अस्पताल पहुंची।

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित एक गांव राहुल ने दिल्ली के सफदरजंग की अमर कॉलोनी में वरिष्ठ आयकर अधिकारी की पुत्री से दुष्कर्म करके उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया। इस घटना को अंजाम देने से पहले राहुल ने 21 अप्रैल को अलवर के राजगढ़ स्थित घर के पड़ोस में रहने वाले दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया था और उसी रात वह घर से बिना किसी को बताये पैसे लेने के लिए दिल्ली चला गया था।

सूत्रों ने बताया कि राहुल को ऑनलाइन गेम खेलने की लत लगी हुई थी, जिसमें वह लाखों रुपये हार चुका था और कर्जदार बन गया था। दिल्ली में आयकर अधिकारी के घर पर उसने करीब छह महीने नौकरी की थी। वहां वह पैसे चोरी करने के लिए गया था, लेकिन उस लूट का विरोध करने पर राहुल ने अधिकारी की पुत्री पर हमला करके उससे दुष्कर्म किया फिर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने राहुल को उसी दिन दिल्ली के होटल से गिरफ्तार किया था। जांच-पड़ताल के दौरान कई बड़े खुलासे हुए थे। पूछताछ के बाद राहुल को जेल भेज दिया गया था। अब दिल्ली जेल से अलवर पुलिस ने पेशी वारंट पर राहुल को लेकर और उसे राजगढ़ में हुई दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का मेडिकल हो चुका है और उसके बयान भी दर्ज हो चुके हैं। राहुल को गिरफ्तार करके उसका मेडिकल करवाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस दौरान उसे घटनास्थल पर भी लेकर पुलिस जाएगी और इस घटना से जुड़े हुए सभी सवाल राहुल से किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले एवं दिल्ली मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि पहली बार अलवर पुलिस पेशी वारंट पर राहुल को लेकर अलवर पहुंची है। ऐसे में अलवर दुष्कर्म के साथ ही दिल्ली मामले में भी कई अहम जानकारियां राहुल से पुलिस को मिल सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित