नयी दिल्ली , जून 15 -- राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह काले बादल छाये रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग ने हालांकि रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ने के गर्मी से मामूली राहत मिली हैं।

विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रोहतक से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ रहे घने बादलों के कारण दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में मानसून से पहले बारिश दर्ज की गयी।

मौसम के इस मिजाज के कारण आज दिल्ली में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जो बाद में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

बवाना, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, सफदरजंग, लोधी रोड, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, कालकाजी, तुगलकाबाद, रोहतक, खरखौदा और पलवल में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश होने के अनुमान हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में पूर्वाह्न 10 बजे के कुछ इलाकों में हल्की बौछारें दर्ज की गईं। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सुबह 5:30 से 8:30 बजे के बीच पालम (1.3 मिलीमीटर), छतरपुर (एक मिलीमीटर), आयानगर (0.6 मिलीमीटर), पीतमपुरा (0.5 मिलीमीटर) और पूसा (0.5 मिलीमीटर) में हल्की बारिश हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित