लखनऊ , जून 4 -- दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश भर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस, अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को व्यापक जांच और सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश की सभी हाईराइज इमारतों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी और निजी कार्यालयों, होटल, मॉल तथा अन्य सार्वजनिक भवनों की सघन जांच कराई जाए। जहां भी अग्निशमन मानकों में कमी पाई जाए, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री योगी ने विशेष रूप से सभी होटलों की विस्तृत जांच कराने और उनकी फायर सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि अग्निकांड जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की कार्यशीलता की भी जांच की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।

अधिकारियों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपायों को मजबूत कर जनहानि और संपत्ति के नुकसान की संभावनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित