नयी दिल्ली , जून 30 -- दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 15 किलोग्राम सोना जब्त किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर और आरोपियों के पास से जब्त किया गया तस्करी का सोना विदेशी मूल का था। खुले बाजार में इसकी कीमत तकरीबन 21.40 करोड़ रुपये है। यह गिरोह दिल्ली से संचालित हो रहा था।

डीआरआई अधिकारियों ने हवाई अड्डे के कूरियर टर्मिनल पर थाईलैंड से आये एक अंतरराष्ट्रीय कूरियर पार्सल को रोका। यह पार्सल एक ऐसी कंपनी के नाम पर भेजा गया था, जिसका संबंध एक विदेशी नागरिक से था।

कंपनी की घोषणा के मुताबिक, पार्सल में वॉर्म गियर थे। पार्सल की जांच के दौरान गियर के पुर्जों के भीतर चालाकी से छिपाकर रखे गये सोने के आठ डिस्कनुमा टुकड़े बरामद किये गये। हर टुकड़े का वजन 1.5 किलोग्राम था। इस प्रकार, कूरियर पार्सल से कुल 12 किलोग्राम तस्करी का विदेशी मूल का सोना पकड़ा गया। इसके अलावा, पार्सल जिसे दिया जाना था और कथित मुख्य साजिशकर्ता के घरों पर एक साथ की गयी छापेमारी में डेढ़-डेढ़ किलोग्राम वजन के ऐसे ही दो और डिस्कनुमा सोने के टुकड़े बरामद किये गये।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता और एक विदेशी नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य साजिशकर्ता पहले भी इस तरह के मामलों में लिप्त रहा है।

प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि क्रिप्टोकरेंसी का उपयोग कर तस्करी की कमाई का सीमा पार लेन-देन किया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित