श्रीगंगानगर , जनवरी 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में स्थित गुरुनानक बस्ती कॉलोनी में शनिवार को सुबह दिल्ली पुलिस के दल ने स्थानीय पुलिस की मदद से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन चोरों ने नयी दिल्ली के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में विधानसभा के पास दिल्ली सरकार के एक अंडर सेक्रेटरी के घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था।

घटना के बारे में जांच कर रहे दिल्ली पुलिस के हवलदार प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि इन चोरों ने 20-21 जनवरी की रात को अंडर सेक्रेटरी धर्मवीर के तीन मंजिला मकान में सेंध लगायी थी। उस समय धर्मवीर अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे, जबकि उनके बुजुर्ग माता-पिता घर की ऊपरी मंजिल में सो रहे थे। चोरों ने नीचे के हिस्से के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब तीन किलोग्राम चांदी के गहने एवं वस्तुएं, 100 ग्राम से अधिक सोने के गहने, साथ ही काफी नगदी चुरा ली।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कुछ ही घंटों में कर ली गयी। उनके श्रीगंगानगर में छिपे होने की जानकारी मिली। छब्बीस जनवरी को हालांकि दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण पुलिस दल विलम्ब से श्रीगंगानगर पहुंचा। आज सुबह दिल्ली पुलिस के दल ने जवाहरनगर थाने की पुलिस के साथ मिलकर गुरुनानक बस्ती में छापा मारा और तीन आरोपियों बाबू, मणी और पवनको गिरफ्तार कर लिया। तीनों अपने घरों में ही मिल गये, तीनों को दिल्ली ले जाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित