चंडीगढ़ , अक्टूबर 24 -- हरियाणा कांग्रेस ने एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग उठाई जाएगी।

दोनों नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की निष्पक्षता, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र के महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। कांग्रेस का दो महीने का राष्ट्रव्यापी 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच रहा है।

नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंकाओं और सामने आई विसंगतियों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कानून के उल्लंघन या लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रमाणित होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

हरियाणा में अभियान को जिला, ब्लॉक, गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची की गड़बड़ियों का रिकॉर्ड तैयार करने और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने को कहा गया है। जिला कांग्रेस कमेटियों को इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाकर महारैली में प्रदेश से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए 26 नवंबर, 2026 तक संगठनात्मक जिलों में एआईसीसी पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। वे कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और संगठनात्मक समन्वय की समीक्षा करेंगे। प्रत्येक पर्यवेक्षक अपने जिले का कम से कम एक बार दौरा करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित