नयी दिल्ली , अक्टूबर 30 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस के खिलाफ यहां के सिख बहुल हरिनगर में एक नवंबर को केन्द्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में विरोध मार्च निकालेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1984 में 31 अक्टूबर से तीन नवम्बर तक चार दिन भारत के इतिहास में विशेष कर सिख समाज के जीवन की यादों में बेहद काले दिन के तौर पर दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 31 अक्टूबर 1984 की शाम से लेकर 3 नवम्बर 1984 तक हजारों बेगुनाह सिखों का कत्लेआम किया था, उनके घर दुकान लूटे एवं जलाये थे।
उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस द्वारा अपने हारे हताश युवराज राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से री-लांच करने के लिए एक नवम्बर का दिन चुनना और दिल्ली में रैली का आयोजन करना सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। देश का सिख समाज चाहता है कांग्रेस श्री गांधी को एक नवम्बर को री-लांच करने से पहले एक नवम्बर 1984 को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बेगुनाह सिखों के कत्लेआम के लिए माफी मांगे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के अनेक सिख नेताओं ने, सिख संस्थानों के प्रबंधकों ने पिछले दस दिन से भाजपा नेताओं से मिलकर उनकी भावनाओं को सर्वसमाज के समक्ष रखने में सहयोग की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित