नयी दिल्ली , अगस्त 09 -- भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में रविवार को पूरे शहर में तिरंगा यात्रा अभियान की शुरुआत की। इसमें कई जिलों में आयोजित मार्च में हजारों पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर कहा कि दिल्ली भी नौ अगस्त से 'हर घर तिरंगा' समारोह में शामिल हो गयी है।
उन्होंने लिखा, "तिरंगे की हर लहर मातृभूमि के गौरव, वीरों के बलिदानों की अमर स्मृति और भारत के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक है।"इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने, दूसरों को प्रेरित करने और इस अभियान को मनाने का आग्रह किया।श्रीमती गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में 'हर घर तिरंगा' उत्सव 17 अगस्त तक जारी रहेगा।
तिरंगा यात्रा अभियान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में शुरू किया गया और स्वतंत्रता दिवस तक सभी जिला क्षेत्रों तथा कई मंडलों में इसका आयोजन कियाइस अभियान का समन्वय प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल के मार्गदर्शन में एक टीम कर रही है। श्री मल्होत्रा का सोमवार को चांदनी चौक जिले में तिरंगा यात्रा में भाग लेने का कार्यक्रम है।
नयी दिल्ली जिले की यात्रा पिलंजी गांव से शुरू होकर ग्रेटर कैलाश एम ब्लॉक मार्केट में समाप्त हुई। इसका नेतृत्व भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने किया तथा अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रवींद्र चौधरी ने की।
पश्चिम दिल्ली में तिरंगा यात्रा धोली प्याऊ से शुरू होकर तिलक नगर पुलिस स्टेशन पर संपन्न हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और सांसद कमलजीत सहरावत ने इस मार्च का नेतृत्व किया, जिसमें दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और आशीष सूद शामिल हुए।
उत्तर-पश्चिम जिले की यात्रा रोहिणी सेक्टर 11 स्थित भगवान परशुराम चौक से शुरू होकर सेक्टर 16 के झंडा चौक पर समाप्त हुई। सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने इस मार्च का नेतृत्व किया, जिसमें दिल्ली सरकार के मंत्री रवींद्र इंद्रराज सिंह और महापौर प्रवेश वाही शामिल हुए।
दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के दल ने भी इस अभियान में भाग लिया।
अभियान के दौरान सुश्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि नयी दिल्ली से तिरंगा यात्रा की शुरुआत गर्व की बात है और उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को देश की एकता और बलिदान का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा, "तिरंगा महज कपड़े का एक टुकड़ा नहीं है, यह हमारे शहीदों के प्रति सम्मान और 1.4 अरब भारतीयों की एकता का प्रतीक है।"श्री कमलजीत सहरावत ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हर घर तक देशभक्ति की भावना पहुंचाना है और उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज को हमेशा ऊंचा लहराते रखने का आग्रह किया।
श्री अरुण सिंह ने कहा कि रविवार के मार्च के दौरान पश्चिम दिल्ली की सड़कों पर हर तरफ तिरंगा दिखाई दे रहा था और उन्होंने इस यात्रा को भारत की आजादी के लिए दिये गये बलिदानों की याद दिलाने वाला बताया।
उन्होंने कहा, "यह यात्रा हमें याद दिलाती है कि आजादी आसानी से नहीं मिली। भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम यह सुनिश्चित करें कि तिरंगा हर बूथ और हर गली तक पहुंचे।"उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 9 से 15 अगस्त तक अपने घरों में गर्व से तिरंगा फहराने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित