नयी दिल्ली , जून 18 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को पार्टी के तीन दिवसीय जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत की।
इस विशेष अभियान के तहत भाजपा नेता घर-घर जाकर केंद्र की मोदी सरकार की 12 साल और प्रदेश की रेखा सरकार की 16 महीने की उपलब्धियों को बताएंगे। बीस जून तक चलने वाला यह अभियान दिल्ली भाजपा के सभी 256 मंडलों में चलाया जाएगा।
श्री मल्होत्रा ने आज उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भोलानाथ नगर के फर्श बाजार से इस अभियान का प्रारम्भ किया। इस अभियान के तहत उन्होंने घर घर जाकर स्थानीय नागरिकों से मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की। इस दौरान उनके साथ पूर्व महापौर निर्मल जैन और स्थानीय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
वहीं, दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल ने गाज़ीपुर गांव में लोगों के साथ केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान पूर्व विधायक नसीब सिंह तथा अन्य स्थानीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
दिल्ली भाजपा के इस अभियान के तहत सांसद, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ ही दोनों सरकारों की उपलब्धियों का उल्लेख करने वाले रिपोर्ट कार्ड भी नागरिकों को सौंपेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित